लाठी और फावड़े से हमला कर युवक सहित परिजनों को किया घायल, सेहराई पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ दर्ज की FIR

मुंगावली। जिले के सेहराई थाना क्षेत्र के ग्राम बामौरीटांका में जंगल से मिट्टी खोदकर ले जाने का वीडियो बनाने को लेकर विवाद सामने आया है। फरियादी ने गांव के पांच लोगों पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला करने, घर के अंदर ले जाकर रस्सी से बांधने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले में सेहराई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम बामौरीटांका निवासी रामसहाय यादव उम्र 38 वर्ष ने शिकायत में बताया कि गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे सतपाल यादव, विशेष यादव और बलराम यादव जंगल से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर के माध्यम से ला रहे थे। इस दौरान फरियादी ने उनका वीडियो बना लिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर जब फरियादी अपने घर के सामने पहुंचा तो सतपाल यादव और विशेष यादव ने उसके साथ विवाद शुरू कर दिया और लाठियों से हमला कर दिया। फरियादी के मुताबिक इसके बाद सतपाल की पत्नी राधा, विशेष की पत्नी साधना बाई, धनकुंवर बाई और शिवानी यादव भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि इन लोगों ने फरियादी को पकड़कर घर के अंदर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। इसी दौरान सतपाल यादव ने उल्टी तरफ से लाठी मारकर उसके बाएं हाथ की कलाई में चोट पहुंचाई जबकि साधना बाई ने फावड़े से सिर पर वार किया जिससे उसके सिर में चोट आई। घटना के दौरान फरियादी की चीख-पुकार सुनकर पप्पू यादव और शीलकुमार यादव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। फरियादी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए मामले में सेहराई पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 127(2), 296(b), 3(5) और 351(3) के तहत पांच लोगो के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया है।