युद्ध में घायलों की सेवा के लिए हुई थी स्थापना
अशोकनगर। रेड क्रॉस सोसाइटी का काम स्व प्रेरित मानव सेवा है, यह बात रविवार को स्थानीय जैन भवन में आयोजित रेड क्रॉस सोसाइटी की सामान्य सभा की बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश महासचिव रामेंद्र सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि इसकी स्थापना युद्ध में घायलों की सेवा के लिए हुई थी। इसके संस्थापक हेनरी डोनेट थे जिन्होंने विश्व युद्ध के दौरान युद्ध में घायलों की सेवा की। उन्होंने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और यही हमारे भारतीय दर्शन में भी है।
नशा मुक्त समाज बनेगा इस वर्ष का प्रोजेक्ट
उन्होंने आगामी प्रोजेक्ट पर चर्चा करते हुए कहा कि इस वर्ष नशा मुक्त समाज जिले का प्रोजेक्ट है। जिसके लिए समाज में जन जागरुकता की आवश्यकता है। जिला चिकित्सालय में जरूरत की अपेक्षा ब्लड की उपलब्धता कम होने पर समिति द्वारा समय-समय पर ब्लड कैंप लगाने, जिला चिकित्सालय को ब्लड उपलब्ध कराने की बात कही।
जिले में मातृ शिशु मृत्यु दर, कुपोषण अधिक
उन्होंने जनजाति समुदाय की महिलाओं की प्रसव के दौरान रक्त अल्पता के कारण होने वाली मृत्यु, जिले में मातृ शिशु मृत्यु दर अधिक होने, कुपोषण को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी जिले में कुपोषण है यह शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कुछ जिले मातृ शिशु मृत्यु दर में अधिक पिछड़े हैं, उन्हीं में सबसे पिछड़ा यह जिला है। हमें कुपोषण पर काम करना है। उन्होंने स्वस्थ शिशु पर पायलट प्रोजेक्ट चलाने का आह्वान किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं को लेकर आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के भवन के लिए कहा कि जमीन की व्यवस्था करिए भवन हम बना लेंगे। उन्होंने कहा कि आज के दौर में समाज सेवा के लिए नेतृत्व की जरूरत है, आगे आने वाला चाहिए, फिर सहयोग के लिए सभी लोग तैयार रहते हैं।
सम्मान भी किया गया
इसके पूर्व मुख्य अतिथि रामेंद्र सिंह द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। स्वागत भाषण रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. जय मंडल सिंह यादव ने दिया। ऑडिट रिपोर्ट कोषाध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल ने प्रस्तुत की, प्रगति प्रतिवेदन सचिव संजय रघुवंशी ने प्रस्तुत किया।
इस दौरान जरूरतमंद लोगों को रक्त उपलब्ध कराने वाले समाजसेवी, ब्लड हेल्प ग्रुप के संचालक प्रियेश शर्मा, सुखमनी ब्लड हेल्प के संचालक विश्वास अगरिया का मुख्य अतिथि द्वारा मंच से सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन रंजीत यादव ने किया एवं आभार व्यक्त प्रदेश प्रतिनिधि डॉक्टर हरवीर सिंह रघुवंशी द्वारा किया गया।
इस दौरान प्रदेश प्रतिनिधि श्रीमती डॉ. अनुराधा केपी सिंह यादव, डॉ. दीपक मिश्रा, श्रीमती ज्योति खिरका, सिविल सर्जन डॉ. बीएल टैगोर, सोसाइटी के सदस्य सतीश पाराशर, राजीव जाट सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Continue With Google