अशोकनगर। पुरानी कृषि उपज मंडी में किसानों के लिए पेयजल व्यवस्था की बदहाली सामने आई है। हालात यह है कि किसानों को पानी पीने के लिए भी जुगाड़ करना पड़ रहा है।

पानी की टंकी की टोटियों के नीचे पर्याप्त जगह नहीं होने से किसान सीधे पानी नहीं पी पा रहे। मजबूरी में कुछ किसानों ने टोटियों पर गुटखे की खाली पन्नी बांध दी है, ताकि पानी की धार आगे तक आए और आसानी से प्यास बुझाई जा सके।

मंडी में रोजाना हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रालियों से अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं। उन्हें कई-कई घंटे परिसर में रुकना पड़ता है। ऐसे में पेयजल उनकी बुनियादी जरूरत है, लेकिन टोटियों की अव्यवस्थित बनावट के कारण किसान न तो आसानी से पानी पी पा रहे हैं और न ही अपनी कैन में पानी भर पा रहे हैं।

पेयजल व्यवस्था होने के बावजूद उसका पूरा लाभ किसानों को नहीं मिल रहा। पानी की व्यवस्था के साथ स्वच्छता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। टंकी पर सफाई की अंतिम तारीख 20 अगस्त 2026 अंकित है। इसके बाद करीब तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सफाई नहीं कराई गई। ऐसे में टंकी में गंदगी और काई जमा होने की आशंका बनी हुई है। इसी पानी का उपयोग किसान पीने के लिए कर रहे हैं।

नियमित सफाई और पानी की गुणवत्ता की जांच नहीं होना किसानों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। मंडी में लगा वाटर कूलर भी बदहाल स्थिति में है। उसकी टोटियों के आसपास हरी काई जमी हुई है और लगातार पानी टपकता रहता है। इससे स्वच्छता पर सवाल उठ रहे हैं।

खास बात यह है कि पानी की टंकी और वाटर कूलर मंडी कार्यालय के पास ही लगे हैं, जहां से अधिकारी-कर्मचारियों का रोजाना आना-जाना रहता है। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।

मंडी में किसानों की बड़ी संख्या में आवाजाही के बावजूद पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का यह हाल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। किसानों को पानी पीने के लिए गुटखे की पन्नी का सहारा लेना पड़ रहा है।

अब जरूरत है कि मंडी प्रबंधन टोटियों के नीचे पर्याप्त जगह उपलब्ध कराए, टंकी की तत्काल सफाई कराए और वाटर कूलर का रखरखाव सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।