दोनों पक्षों के बीच मारपीट और विवाद दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

मुंगावली। सेहराई थाना क्षेत्र के ग्राम बामौरी टांका में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में पहले एक पक्ष की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अब दूसरे पक्ष की शिकायत पर भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट और विवाद के आरोप लगाए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को सुबह करीब 8 बजे ग्राम बामौरी टांका में मिट्टी लाने और वीडियो बनाने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। दूसरे पक्ष के फरियादी सतपाल सिंह यादव की शिकायत के अनुसार वह अपने छोटे भाई के साथ घर की लिपाई-पुताई के लिए ट्रैक्टर से मिट्टी लेकर आ रहे थे इसी दौरान गांव के रामसहाय यादव द्वारा उनका वीडियो बनाया गया। वीडियो डिलीट करने की बात को लेकर कहासुनी हुई जिसके बाद विवाद बढ़ गया। फरियादी का आरोप है कि कुछ देर बाद रामसहाय यादव, अकल यादव और महक यादव लाठी-डंडे लेकर उनके घर के सामने पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस घटना में फरियादी उनके भाई और परिवार की महिलाओं को चोटें आईं। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने सतपाल सिंह यादव की शिकायत पर रामसहाय यादव, अकल यादव और महक यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296(बी), 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पहले एक पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होने और अब दूसरे पक्ष की ओर से भी एफआईआर दर्ज होने के बाद बामौरी टांका का यह विवाद चर्चा में है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।